सुनार नदी में मिले महिला के शव के अंधे हत्याकांड का खुलासा, छतरपुर से आरोपी गिरफ्तार
चार महीने बाद पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, गला दबाकर पुल से गहरे पानी में फेंका था महिला का शव
दमोह जिले के नरसिंहगढ़ स्थित सुनार नदी में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में दमोह पुलिस ने करीब चार महीने बाद हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को छतरपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसके शव को सुनार नदी के पुल से नीचे गहरे पानी में फेंक दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने 24 वर्षीय ट्रक चालक हरिराम उर्फ कल्लू यादव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को थाना दमोह देहात क्षेत्र के ग्राम नरसिंहगढ़ के पास सुनार नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभ में मामले को मर्ग क्रमांक 126/26 के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
महिला की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। इसके लिए दमोह सहित आसपास के सीमावर्ती जिलों में लगातार पतासाजी की गई। इसी दौरान पुलिस को जबलपुर जिले के थाना घमापुर में अर्चना पति मलखान सिंह कोरकू के लापता होने की सूचना दर्ज होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का उत्खनन कराया और परिजनों से पहचान कराई। परिजनों ने शव की पहचान लापता अर्चना कोरकू के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए मृतिका के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), तकनीकी साक्ष्यों और अन्य भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान हरिराम उर्फ कल्लू यादव की संलिप्तता सामने आई। हत्या की पुष्टि होने पर थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 725/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) तथा एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि द्वारा इनाम घोषित कर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस ने 20 नवंबर 2026 को छतरपुर जिले के थाना बमीठा अंतर्गत ग्राम बरेठी से आरोपी हरिराम उर्फ कल्लू पिता नारायणदास यादव, उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 की रात उसने मृतिका अर्चना कोरकू का गला दबाया और इसके बाद नरसिंहगढ़ स्थित सुनार नदी के पुल से नीचे गहरे पानी में फेंक दिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी पेशे से ट्रक चालक बताया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडेय के निर्देशन में थाना प्रभारी दमोह देहात निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय, उपनिरीक्षक रोहित द्विवेदी, प्रधान आरक्षक राजकुमार बिदौल्या, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र सिंह, आरक्षक विमल छारी, गौरव मिश्रा, शेख मुजीब तथा साइबर सेल दमोह की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें