दमोह में 10 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या का खुलासा, गांव का 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
छह दिन तक तलाश के बाद खेत में क्षत-विक्षत हालत में मिला था बालक का शव, गला घोंटकर हत्या करने की बात आरोपी ने कबूली, साक्ष्य छिपाने में मदद करने वाले दो अन्य आरोपी अभी फरार
दमोह। जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गूढ़ा में 10 वर्षीय मासूम अभिषेक अहिरवार की हत्या के मामले में पुलिस ने अंधेकत्ल का पर्दाफाश करते हुए गांव के ही 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। मासूम की हत्या की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बालक की गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। वहीं, इस जघन्य वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने में मदद करने वाले दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे ग्राम गूढ़ा निवासी अभिषेक अहिरवार पिता बहादुर उर्फ लोकमन अहिरवार, उम्र 10 वर्ष के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर थाना तेजगढ़ में मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की गई। पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर तलाश और पतासाजी कर रही थी। इसी बीच 16 नवंबर को ग्राम गूढ़ा में एक बालक का शव क्षत-विक्षत हालत में खेत में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव की पहचान लापता अभिषेक अहिरवार के रूप में की गई।
शव की स्थिति और पंचनामा कार्रवाई के दौरान बालक की मृत्यु संदिग्ध प्रतीत हुई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के निरीक्षण में प्रथम दृष्टया हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238(ए) के तहत अपराध की धाराएं बढ़ाकर जांच तेज कर दी।
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही थी। प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक शिवप्रसाद कंगाली को विवेचना अधिकारी नियुक्त करते हुए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर के मार्गदर्शन में पुलिस ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेही कमलेश अहिरवार को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान ग्राम गूढ़ा निवासी कमलेश पिता मुन्नी अहिरवार, उम्र 19 वर्ष ने 10 नवंबर को ही बालक अभिषेक अहिरवार की गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने में दो अन्य व्यक्तियों ने आरोपी की मदद की थी। फिलहाल इन दोनों की गिरफ्तारी शेष है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। मामले की संपूर्ण विवेचना एसडीओपी तेंदूखेड़ा की उपस्थिति में की जा रही है।
इस अंधेकत्ल का खुलासा करने में प्रशिक्षु डीएसपी शिवप्रसाद कंगाली, तेजगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह, इमलिया चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रमाशंकर मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द सिंह सहित तेजगढ़ थाना पुलिस एवं साइबर सेल दमोह की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सचिन नामदेव, भगवत, उमेश, संदीप, मनोज, सौरभ टंडन, राकेश ठ्या, आरक्षक मयंक दुबे, शुभम नामदेव, राजन, बैनी, शैलेष, मनीष, प्रमोद, हरि सिंह एवं राजाबाबू शामिल रहे।


एक टिप्पणी भेजें