कुंडलपुर से लौट रहे जैन दंपति पर मौत बनकर गिरा पेड़, मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत

 कुंडलपुर से लौट रहे जैन दंपति पर मौत बनकर गिरा पेड़, मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत

दमोह। दमोह जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में जबलपुर निवासी जैन दंपति की मौत हो गई। कुंडलपुर में बड़े बाबा के दर्शन कर एक्टिवा से लौट रहे दंपति पर अचानक सड़क किनारे खड़ा एक सूखा आम का पेड़ गिर पड़ा। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। 


मृतकों की पहचान जबलपुर के दीक्षितपुरा निवासी आशीष जैन और उनकी पत्नी शोभा जैन के रूप में हुई है। दोनों सोमवार सुबह कुंडलपुर में बड़े बाबा के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे। दर्शन और भोजन के बाद वे जबलपुर लौट रहे थे। जबेरा-कटंगी मार्ग खराब होने के कारण उन्होंने तेजगढ़-तेंदूखेड़ा मार्ग से जाने का निर्णय लिया।


शाम के समय करौंदी पड़रिया गांव के पास नीलू लोधी के खेत के समीप उनकी एक्टिवा गुजर रही थी। इसी दौरान खेत में लगी आग से पहले से झुलसकर कमजोर हो चुका भारी-भरकम आम का पेड़ अचानक उनकी एक्टिवा पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगी


रों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खेत में खरपतवार जलाने के दौरान लगी आग से पेड़ पिछले तीन-चार दिनों से झुलसा हुआ था, जिससे वह कमजोर होकर अचानक गिर पड़ा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।



इस हृदयविदारक हादसे से जबलपुर और दमोह के जैन समाज में शोक की लहर है। वहीं ग्रामीणों ने खेत में आग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने