स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई, ओवरलोड ऑटो-ई-रिक्शा पर चला यातायात पुलिस का अभियान
दमोह : छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए यातायात पुलिस दमोह द्वारा ओवरलोड ऑटो एवं ई-रिक्शा के विरुद्ध विशेष अभियान, 15 वाहनों पर ₹14,900 का प्रशमन शुल्क
पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS) के निर्देशन में जिले में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दमोह द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री दलवीर सिंह मार्को के नेतृत्व में शहर के विभिन्न विद्यालयों के आसपास एवं प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा एवं अन्य यात्री वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं को ले जा रहे ऑटो एवं ई-रिक्शा के साथ-साथ सामान्य रूप से संचालित अन्य ऑटो एवं ई-रिक्शा भी निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी लेकर चलते पाए गए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है तथा यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित होती है।
यातायात पुलिस द्वारा ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई करते हुए कुल 15 वाहनों पर ₹14,900 का प्रशमन शुल्क अधिरोपित किया गया। साथ ही सभी वाहन चालकों को भविष्य में वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा यात्रियों एवं विशेष रूप से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की समझाइश भी दी गई।
यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री दलवीर सिंह मार्को ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ने, ब्रेकिंग क्षमता प्रभावित होने तथा दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा संचालकों से अपील की कि वे निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्रियों का परिवहन करें तथा यातायात नियमों का पूर्णतः पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।

एक टिप्पणी भेजें