*
हटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
दमोह। हटा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरी कला में सूने मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर की रात श्याम चौरसिया अपने परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर इंदौर गए थे। अगले दिन पड़ोसी ने मकान का ताला टूटा होने की सूचना दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी अन्ना अख्तर पिता नूर खान उर्फ कलू मुसलमान, निवासी हटा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथी महेंद्र आदिवासी निवासी नीमन तिगड्डा के साथ चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर करीब 80 हजार रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया गया।
कार्रवाई एसपी आनंद कलादगि एवं एएसपी सुजीत भदौरिया के निर्देशन, हटा एसडीओपी केपी सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में की गई।
चोरी हुआ सामान
चोरों द्वारा मकान से इन्वर्टर की बैटरी, टीवी का सेट-टॉप बॉक्स, चांदी की दो पायल, संतान साते की चूड़ी, चांदी के पूजा के सिक्के सहित अन्य सामान चोरी किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पकड़े गए आरोपी से चोरी गए कीमत करीब 80000 रुपए के सामान को बरामद कर लिया है। मामले में फरियादी की रिपोर्ट पर थाना हटा में अपराध क्रमांक 468/2026, धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर चोरी की वारदात का खुलासा किया।
एक आरोपी फरार
पुलिस ने आरोपी अन्ना अख्तर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि उसका साथी महेंद्र आदिवासी अभी फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी, एसआई अरविंद राय, प्रधान आरक्षक प्रकाश, प्रधान आरक्षक महेंद्र, आरक्षक रामसिंह, विजय, मोहन साहू एवं पवन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


एक टिप्पणी भेजें