दमोह पुलिस का ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ बड़ा एक्शन 100 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न पर चला रोड रोलर, मौके पर किया गया नष्
दमोह। सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दमोह पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में शहर में लगातार चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत जब्त किए गए 100 से अधिक अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर, कर्कश आवाज वाले साइलेंसर, हूटर और प्रेशर हॉर्न को आज वीआईपी मार्ग पर रोड रोलर यानी बेलन चलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
पुलिस द्वारा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान इन अवैध उपकरणों को जब्त किया गया था। इनसे निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज से आमजन को होने वाली परेशानी तथा ध्वनि प्रदूषण को देखते हुए पुलिस ने जब्त उपकरणों का सार्वजनिक रूप से विनष्टीकरण किया।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे, प्रशिक्षु डीएसपी शिव प्रसाद कंगाली, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, यातायात प्रभारी दलबीर सिंह, निरीक्षक आकांक्षा जोशी सहित यातायात पुलिस का बल मौजूद रहा।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर तेज आवाज करने वाले अवैध साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अनाधिकृत हूटर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि तेज और कर्कश ध्वनि से आमजन के साथ-साथ बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को परेशानी होती है, इसलिए ऐसे गैर-कानूनी उपकरणों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।
दमोह पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक वाले साइलेंसर और हॉर्न का ही उपयोग करें। वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, प्रेशर हॉर्न अथवा अनाधिकृत हूटर लगाकर चलने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दमोह पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश है कि सड़क पर नियम तोड़कर तेज और कर्कश आवाज करने वाले वाहन चालकों पर अब सख्ती और बढ़ाई जाएगी।




एक टिप्पणी भेजें