हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत दमोह में जोश-ए-जश्न के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा

 ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत दमोह में जोश-ए-जश्न के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा


 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर  "हर घर तिरंगा अभियान" अंतर्गत स्थानीय तहसील ग्राउण्ड से एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा तहसील ग्राउंड से कीर्तिस्तंभ, कोआपरेटिव्ह बैंक चौराहा, बस स्टेण्ड चौराहा से एवरेस्ट लॉज तिराहा, घण्टाघर, अम्बेडकर चौक से पुन: तहसील ग्राउण्ड में समापन हुआ। तिरंगा यात्रा में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल, म.प्र. राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, पूर्व मंत्री एवं विधायक दमोह जयंत कुमार मलैया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष डॉ मंजु कटारे, जनपद अध्यक्ष प्रीति कमल ठाकुर, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों, अधिकारी-कमर्चारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।


            भव्य तिरंगा यात्रा के प्रारंभ में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। डीजे और बाजों के साथ नौजवानों, युवाओं, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं सहित पुलिस विभाग के नौजवान तिरंगे को लहराते हुये आजादी का जश्न मनाते नजर आ रहे थे। राष्ट्र भक्ति गीतों का क्रम लहराते तिरंगे के साथ आजादी जश्न नजर आ रहा था।


            प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री स्वंतत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत बच्चों और गणमान्य नागरिक गणों ने हाथ में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा निकालने का काम किया है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में और हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। पूरे देश में और पूरे प्रदेश में एक राष्ट्रभक्ति का माहौल बना हुआ है, लोग तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं।


            उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी का यह आग्रह भी है कि हम तिरंगा यात्रा भी निकालेंगे, इसके साथ-साथ हर घर पर तिरंगा फहराने का काम भी करना है। सेल्फी भी लेंगे और सेल्फी लेने के साथ-साथ नीचे, सोशल मीडिया पर अपलोड करके 'वंदे मातरम' भी लिखना है।


            संस्कृति राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा साथियों, यह तिरंगा यात्रा जब हम निकालते हैं तो हमारे अंदर देशभक्ति की ज्वाला धधकती है। हम देश, समाज और राष्ट्र के लिए काम करने के लिए प्रेरित होते हैं। मैं पुनः सभी को तिरंगा यात्रा के इस अवसर पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूँ। आने वाले समय में इस संकल्प के साथ हम तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं कि यह भारत फिर से विश्वगुरु बनेगा, क्रमांक एक का देश बनेगा और दुनिया का सबसे ताकतवर देश बनेगा। इस संकल्प के साथ सभी लोग तिरंगा झंडा लहराकर देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की सभी के लिए, देशवासियों के लिए, प्रदेशवासियों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।


            आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटैल ने कहा आज प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर पूरे देश में 9 तारीख से लेकर के 17 तारीख तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उसी आयाम के अंतर्गत यहां पर दमोह में भी आज आयोजन किया गया, यह उत्साह का वातावरण लोगों को तिरंगे की आन, बान, शान समझने वाले सभी नागरिक आज उत्साह और उल्लास के साथ शामिल हुए और यह तिरंगा यात्राएं देश के अंदर, पूरे प्रदेश के अंदर, हर कस्बे, हर गाँव में, हर शहर के मोहल्लों में इसको निकाला जा रहा है और इसके पीछे जो मंशा है, कि हमारी युवा पीढ़ी इसको समझे। इसका महत्व इसलिए समझे कि जो 14 अगस्त 1947 में जो खोया है वह पीड़ा, विभीषिका बच्चों को पता हो, कि उस समय कितने अपने लोगों को खोया है, कितने लोग यहाँ अपनी प्रॉपर्टी सब छोड़ के वहाँ गए और कुछ लोग वहाँ से यहाँ आए। मेरी ओर से स्वतंत्रता दिवस की सभी के लिए, देशवासियों के लिए, प्रदेशवासियों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।


            पूर्व वित्तमंत्री एवं दमोह के विधायक जयंत कुमार मलैया ने कहा आज 13 अगस्त को पूरे देश के अंदर तिरंगा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है और आप देख रहे हैं कि दमोह में किस तरह से उत्साह है जवानों में, महिलाओं में, नौजवानों में, बच्चों में उत्साह देखने मिल रहा है। आगामी 2 दिन के बाद हमारा स्वतंत्रता दिवस है, उसकी भी मैं सबको बहुत-बहुत हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ।


            भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा आज दमोह नगर में शासन, प्रशासन, गणमान्य नागरिक, स्कूल के छात्रो, राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन, सबने मिलकर एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। हम सब उसी यात्रा के सहभागी बने। हमारे मध्य प्रदेश शासन के दोनों मंत्री लखन पटेल जी, धर्मेंद्र जी, हमारे स्थानीय विधायक जयंत भैया.., पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया जी, सबके नेतृत्व में और कलेक्टर साहब और एसपी साहब ने कदम से कदम मिलाकर एक साथ पूरे समाज के साथ में, पूरे नागरिकों के साथ में नगर भ्रमण करके 'राष्ट्र प्रथम' यह नारे के साथ, 'राष्ट्र सर्वोपरि' इस नारे के साथ हम सबने भ्रमण किया। हम सब 15 अगस्त का पर्व बहुत हर्षोल्लास के साथ मनाएंगे। मैं समस्त नागरिकों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता


            जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल ने कहा देश के प्रधानमंत्री जी के आव्हान पर हर घर तिरंगा, हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से आज हम सभी लोगों ने जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। उन्होंने कहा हम उस देश के नागरिक हैं जिस देश के नागरिकों के होंठों पे गंगा और हाथों में तिरंगा होता है। आज यह साबित करके हम इस देश के नागरिक हैं और हमेशा इस देश की आन- बान- शान में अपनी जी-जान लगा देंगे। कार्यक्रम में हम सभी के साथ महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी जनप्रतिनिधि, प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस प्रशासन सभी ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


            उन्होंने कहा मेरा आप सभी क्षेत्रवासियों से, जिलावासियों से यही अपील है कि आप सब भी अपने घरों में तिरंगा लगाएं, जैसे मुख्यमंत्री जी, प्रधानमंत्री जी ने देश के लिए, सभी युवाओं के लिए यही आह्वान दिया है कि हम सभी के हाथों में तिरंगा होना चाहिए, हम सभी के घरों में तिरंगा होना चाहिए, तभी यह अभियान सार्थक और सफल होगा।


            राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा आज हम महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों वीर सपूतों को नमन करते हैं, हमें उनके बताएं मार्गों पर चलना है उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के आव्हान पर आज पूरे देश में तिरंगा रैली का आयोजन किया जा रहा है जिसमें बच्चे युवा जवान जनप्रतिनिधि अधिकारी महिलाएं सभी अपनी सहभागिता कर रहे हैं।


आज की तिरंगा यात्रा हमारे सभी नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत होकर के बढ़-चढ़कर के सभी लोग आगे आए हैं।


            कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा यह हमारी तिरंगा यात्रा भारत माता के प्रति प्रेम, स्नेह, समर्पण की भावना की अभिव्यक्ति है। इसका मुख्य उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक के दिल में राष्ट्र के प्रति प्रेम, सेवा, कर्तव्यनिष्ठा की भावना जागृत करना है। उन्होंने कहा आप सब जानते हैं कि इस बार हम सब बढ़-चढ़कर के भाग ले रहे हैं। मेरा सभी नगरवासियों, सभी जिलावासियों से आग्रह है कि वह हर घर तिरंगा फहराकर के हमारे राष्ट्र के गौरव के इस उत्सव में भागीदार बनें। लोगों को इसके लिए प्रेरित करें, अपनी सेल्फी तिरंगा के साथ डालें।


            पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा आज फुल ड्रेस रिहर्सल था 13 अगस्त का। उसके साथ ही साथ हम लोगों ने 'हर घर तिरंगा' के अंतर्गत हम लोगों ने एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाला है। इसमें लगभग 3,000 से 4,000 लोग शामिल हुये। इसमें छात्र-छात्राएं, युवा सभी शामिल हुए, जनप्रतिनिधि लोग भी, सभी अधिकारीगण इसमें शामिल थे। काफी अच्छा हम लोगों ने तिरंगा रैली निकाला। पूरा एक राष्ट्रीयता का, एक मनोभाव को जगाने के लिए हम लोगों ने इस तिरंगा रैली का आयोजन किया है। मैं सभी दमोह की जनता को बहुत-बहुत धन्यवाद कहना चाहता हूँ।


            जनपद अध्यक्ष प्रीति कमल ठाकुर ने स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सभी जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होने कहा 9 अगस्त से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी और यशस्वी मुख्यमंत्री जी के आह्वान पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई है, जिसमें सभी प्रतिनिधिगण, सभी सामाजिक संस्थाएं और सभी अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुये। हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री जी के आह्वान पर हर घर तिरंगा और युवाओं में राष्ट्रभक्ति के प्रति ओत-प्रोत की भावना को भरना और हमारे राष्ट्रीय तिरंगा झंडे का सम्मान करना, यही उद्देश्य है और यही उद्देश्य के साथ आज हम सभी ने बेहद ऊर्जा के साथ तिरंगा यात्रा निकाली है।


            इस अवसर पर महेश पटेल, रमन खत्री, रामेश्वर चौधरी, राघवेंद्र सिंह परिहार, संजय यादव मनीष तिवारी, रानू नामदेव, कपिल शुक्ला, सुरेश पटेल, देवकीनंदन पटेल, प्रमोद विश्वकर्मा, महाराज सिंह लोधी, प्रिंस जैन, राजेंद्र रिंकू गोस्वामी, संदीप शर्मा, रमाकांत बाजपेई, कार्तिक शैलार राजुल चौरहा, कृष्णा पटेल, वर्षा रैकवार, कुसुम खरे, बबली विश्वकर्मा, दुर्गेश मिश्रा, छाया साहू, रेनू मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, एडिशनल कलेक्टर श्री त्रिपाठी एडिशनल एसपी श्री भदौरिया, एसडीएम सौरभ गंधर्व सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, सम्माननीय मीडियाजन, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने