एक घंटे में दो स्थानों से 100 पाव अवैध शराब जब्त, तीन आरोपियों पर मामला दर्ज
बटियागढ़ (दमोह) । थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 100 पाव अवैध शराब जब्त की दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पहली कार्रवाई बकायन गांव में हुई। भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी शराब छोड़कर फरार हो गया। मौके से एक पेटी लाल मसाला ब्रांड की कुल 50 पाव देशी शराब बरामद की गई। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
इसके लगभग एक घंटे बाद सरिया-फुटेरा मार्ग स्थित नीमखेड़ा तिगड्डा पर पुलिस ने दोपहिया वाहन पर शराब ले जा रहे दो व्यक्तियों को पकड़ा। उनके कब्जे से 25 पाव लाल मसाला एवं 25 पाव सफेद, कुल 50 पाव अवैध शराब जब्त की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि बटियागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे अपराध की घटनाओं में भी वृद्धि होने की आशंका है। संगठन ने पुलिस से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
पुलिस ने दोनों मामलों में जब्त शराब को कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें