लोहे की छड़ों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी चालक समेत चार घायल सभी जबलपुर रेफर*

 लोहे की छड़ों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी चालक समेत चार घायल सभी जबलपुर रेफर*




दमोह। जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलिया चौकी के पास सतधरू घाटी पर शुक्रवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लोहे की छड़ों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रिवर्स करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल सूचना 108 एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंचे 108 एंबुलेंस के पायलट मनोज, ईएमटी संदीप एवं अन्य एंबुलेंस स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया।

घायलों में सुरेंद्र लोधी (38 वर्ष) एवं आकाश लोधी (21 वर्ष) निवासी हाथी घाट, हरिद्वार सहित चार लोग शामिल हैं। जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोहे की छड़ें लदी हुई थीं। सतधरू घाटी क्षेत्र में वाहन को रिवर्स करते समय चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन में अधिक भार होने और सावधानी न बरतने के कारण यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलते ही तेजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

और नया पुराने