30 हजार के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी से मिशन अस्पताल कांड की गुत्थी सुलझने की उम्मीद

 30 हजार के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी से मिशन अस्पताल कांड में बड़ा मोड़



दमोह। जिले के बहुचर्चित मिशन अस्पताल प्रकरण में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक वर्ष से फरार चल रहे और 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी जीवन मैसी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

थाना कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 245/25 में आरोपी जीवन मैसी, पिता जोसेफ मैसी (60), निवासी वैशाली नगर, लंबे समय से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।


पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक आर.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान 20 जुलाई को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन मुखबिर तंत्र और तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन मिलने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।


मिशन अस्पताल प्रकरण जिले के सबसे चर्चित मामलों में शामिल रहा है। ऐसे में इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है।

Post a Comment

और नया पुराने