"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन
पुलिस प्रशासन एवं खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" के अंतर्गत दमोह में पुलिस प्रशासन एवं खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को खेल गतिविधियों से जोड़ते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं आपसी सहयोग का उत्कृष्ट परिचय दिया। आयोजन के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों एवं दर्शकों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा सभी से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
अधिकारियों ने कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं तथा युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। इसी उद्देश्य से "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न खेल, सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक विशेषकर युवा वर्ग इस अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनें।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त दमोह के निर्माण में सहयोग देने के संकल्प के साथ हुआ।



एक टिप्पणी भेजें