नरसिंहगढ़ डकैती कांड में दमोह पुलिस को बड़ी कामयाबी: दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक ₹16.70 लाख की संपत्ति बरामद

नरसिंहगढ़ डकैती कांड में दमोह पुलिस को बड़ी कामयाबी: दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक ₹16.70 लाख की संपत्ति बरामद


दमोह। जिले के बहुचर्चित नरसिंहगढ़ डकैती कांड में दमोह पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। करीब तीन सप्ताह पहले सूखी पिपरिया गांव में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद मामले में बरामद संपत्ति का कुल मूल्य बढ़कर करीब ₹16.70 लाख हो गया है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की रात दमोह देहात थाना क्षेत्र के सूखी पिपरिया निवासी व्यवसायी विजय जैन के घर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूट ली थी। घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। मामले में पहले दो आरोपियों शंकर यादव और राहुल अहिरवार को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।



लगातार दबिश और कई राज्यों में की गई तलाश के बाद पुलिस ने फरार आरोपी रानू पटेल निवासी बेर किसुनगंज और दीपक उर्फ दीपु बंसल निवासी पथरिया को कटनी-मुड़वारा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने डकैती में अपनी भूमिका स्वीकार की और उनकी निशानदेही पर दो सोने की चेन, एक सोने की करधनी तथा ₹20 हजार नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। रानू पटेल के खिलाफ पहले से 8 आपराधिक मामले, जबकि दीपक उर्फ दीपु बंसल पर 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

जांच में सामने आया है कि इस वारदात में रोहित अहिरवार और उसका साथी मोनू भी शामिल हैं। दोनों अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए भोपाल, रायसेन, छतरपुर, दिल्ली, रोहतक (हरियाणा), ओडिशा और विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) तक अभियान चलाया।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई। थाना देहात, नरसिंहगढ़ चौकी, साइबर सेल और विशेष पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई से इस बहुचर्चित डकैती कांड के खुलासे में लगातार सफलता मिल रही है।

हालांकि पुलिस का मानना है कि मामले का खुलासा अभी पूरी तरह नहीं हुआ है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद डकैती से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आ सकते हैं।

Post a Comment

أحدث أقدم