*SDM कार्यालय में फर्जी हस्ताक्षर कर सरपंच की शिकायत करने का मामला आया सामने, पीड़ित ने की जांच की मांग*
पन्ना। जिला अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कार्यालय में एक सनसनीखेज धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है, जहां एक ग्रामीण के नाम और फर्जी हस्ताक्षरों का उपयोग कर ग्राम पंचायत तिलगुआ के सरपंच के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी गई। मामले की जानकारी लगते ही पीड़ित ग्रामीण ने SDM को लिखित आवेदन देकर मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तिलगुआ निवासी बृजेंद्र सिंह यादव (पिता श्री चंदन सिंह यादव)जिला कांग्रेस पार्टी के सचिव ने SDM पन्ना को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि बीती 4 जून 2026 को किसी अज्ञात अनधिकृत व्यक्ति ने उनके नाम से एक फर्जी आवेदन कार्यालय में जमा किया था। उस आवेदन में उनके फर्जी हस्ताक्षर कर तिलगुआ सरपंच द्वारा 'बिना स्वीकृति मुरुम खुदवाने' की झूठी शिकायत की गई थी।पीड़ित बृजेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सरपंच के खिलाफ ऐसा कोई आवेदन नहीं दिया है और न ही वे 4 जून को पन्ना आए थे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में उनकी छवि पूरी तरह साफ-स्वच्छ है और वे गांव के विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं चाहते। कुछ असामाजिक तत्वों ने उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से जानबूझकर यह साजिश रची है।पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त फर्जी शिकायत को तत्काल निरस्त किया जाए, और सरकारी कार्यालय में फर्जी दस्तावेज व हस्ताक्षर पेश करने वाले जालसाज का पता लगाकर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।
एक टिप्पणी भेजें