दमोह: सीने में दर्द को एसिडिटी समझकर ली दवा, 3 घंटे बाद 39 वर्षीय डॉक्टर की मौत; सुबह 4 बजे उठा था दर्द

 दमोह: सीने में दर्द को एसिडिटी समझकर ली दवा, 3 घंटे बाद 39 वर्षीय डॉक्टर की मौत; सुबह 4 बजे उठा था दर्द



दमोह जिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब अस्पताल में पदस्थ युवा चिकित्सक डॉ. मधुर जैन के निधन की खबर सामने आई। महज 39 वर्ष की उम्र में उनका असमय निधन हो गया। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट मानी जा रही है। मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. जैन के निधन से साथी चिकित्सक और अस्पताल का पूरा स्टाफ सदमे में है।


परिजनों के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब चार बजे डॉ. मधुर जैन को अचानक सीने में दर्द और गले में जलन महसूस हुई। उन्होंने इसे एसिडिटी की समस्या समझा। उनकी पत्नी ने सीने की मालिश की और गैस की दवा दी। कुछ देर बाद उल्टी होने पर उन्हें राहत महसूस हुई और वह सो गए।




सुबह करीब सात बजे पत्नी ने उन्हें जगाने का प्रयास किया तो वह अचेत अवस्था में मिले। उनकी पल्स भी नहीं चल रही थी। इसके बाद तत्काल साथी चिकित्सकों को सूचना दी गई। डॉ. दिवाकर पटेल सहित अन्य डॉक्टर उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉ. चक्रेश चौधरी और अन्य चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।


डॉ. दिवाकर पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही वह उनके घर पहुंचे थे। डॉ. मधुर जैन बेहद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के थे। उनके निधन से पूरे जिला अस्पताल को गहरा आघात पहुंचा है।


डॉ. मधुर जैन पिछले पांच वर्षों से जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। परिजन उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव बक्सवाहा ले गए हैं, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Post a Comment

أحدث أقدم