दमोह में जुआ फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 बाइक और टाटा टियागो कार जब्त
दमोह, 6 अगस्त। दमोह देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी पुलिस ने जुआ फड़ पर बड़ी रेड कार्रवाई करते हुए चार मोटरसाइकिल और एक टाटा टियागो कार जब्त की है। पुलिस के पहुंचते ही जुआ खेल रहे आरोपी खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 31 हजार 430 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय और थाना प्रभारी दमोह देहात निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी जबलपुर नाका उपनिरीक्षक प्रियंका पटेल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हिंगोली बेल टोरिया स्थित गणपत ठाकुर के खेत के पास कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने राहगीर गवाहों की मदद से घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी खेतों की ओर भाग निकले और खुले स्थान का लाभ उठाकर फरार हो गए।
तलाशी के दौरान पुलिस ने बजाज प्लेटिना और हीरो डिलक्स सहित चार मोटरसाइकिल, टाटा टियागो कार क्रमांक MP34ZH0463, 52 ताश के पत्ते, 1,100 रुपये नकद, एक पीले रंग की बरसाती, प्लास्टिक का कुप्पा और मग्गा सहित अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की। पुलिस ने जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन चालकों और अन्य फरार आरोपियों के विरुद्ध मामला कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रियंका पटेल, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र, आरक्षक रुपेश, मनोज पाण्डेय, आशीष, सुरेन्द्र तथा सैनिक परशोत्तम और साहब लाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

إرسال تعليق