जयंत मलैया ने विकास कार्यों का रखा हिसाब, बोले—भाजपा चुनाव लड़कर नगरपालिका में बनाएगी अपनी सरकार

 जयंत मलैया ने विकास कार्यों का रखा हिसाब, बोले—भाजपा चुनाव लड़कर नगरपालिका में बनाएगी अपनी सरकार



दमोह। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती नजर आ रही हैं। इसी बीच दमोह विधायक जयंत मलैया ने प्रेस वार्ता आयोजित कर विधानसभा क्षेत्र में कराए गए और स्वीकृत विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा जनता के सामने रखा। विभिन्न विभागों के आंकड़े और करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्होंने आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया।


प्रेस वार्ता में जयंत मलैया ने कहा कि आगामी नगर पालिका चुनाव जनता के मतदान से होना है और इस बार भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। भाजपा चुनाव लड़कर नगरपालिका में अपनी सरकार बनाएगी। विधायक के इस बयान के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं।


विकास कार्यों का रखा पूरा हिसाब


प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद, विधायक निधि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, सड़क और जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की जानकारी दी गई।


नगरीय क्षेत्र में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद के तहत वर्ष 2024-25 में 22 कार्यों पर ₹4.76 करोड़ तथा वर्ष 2025-26 में 26 कार्यों पर ₹4.99 करोड़ की लागत बताई गई। दो वर्षों में कुल 48 कार्यों पर करीब ₹9.76 करोड़ की राशि का उल्लेख किया गया।


वर्ष 2026-27 में 13 कार्यों के लिए करीब ₹8.85 करोड़ की स्वीकृति हेतु जानकारी भी सामने रखी गई।


वहीं नगरीय क्षेत्र की विधायक निधि के तहत तीन वर्षों में कुल 129 कार्यों पर करीब ₹2.76 करोड़ की लागत बताई गई।


ग्रामीण क्षेत्र में भी करोड़ों के कार्य


ग्रामीण क्षेत्र में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद के तहत वर्ष 2024-25 और 2025-26 में कुल 109 कार्यों पर करीब ₹12.74 करोड़ की राशि का ब्यौरा दिया गया। वर्ष 2026-27 में 35 कार्यों के लिए करीब ₹6.37 करोड़ की स्वीकृति हेतु जानकारी रखी गई।


ग्रामीण क्षेत्र की विधायक निधि से तीन वर्षों में 159 कार्यों पर करीब ₹3.09 करोड़ की लागत का उल्लेख किया गया।


सड़क, पेयजल और सीवर लाइन पर जोर


जयंत मलैया ने शहर में प्रमुख सड़कों और चौराहों के बीटीकरण एवं सौंदर्यीकरण, अमृत 2.0 योजना के तहत तीन तालाबों के सौंदर्यीकरण, 24 घंटे पेयजल सप्लाई के लिए सेकंड राइजिंग लाइन और सीवर लाइन योजना जैसे कार्यों की जानकारी दी।


दमोह बायपास के सात चौराहों पर 120 लाइट और 7 हाई मास्क लाइट लगाए जाने का भी उल्लेख किया गया।


स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी के कार्य भी गिनाए


स्वास्थ्य विभाग के तहत दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पांच उपस्वास्थ्य केंद्रों से संबंधित कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक सेंटर का लोकार्पण तथा जिला चिकित्सालय दमोह को 300 बिस्तरीय से 600 बिस्तरीय अस्पताल में उन्नयन के लिए प्रयासरत होने की बात कही गई।


महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत दो वर्षों में 46 नवीन आंगनबाड़ी भवन स्वीकृत होने की जानकारी दी गई, जिनकी कुल लागत करीब ₹5.15 करोड़ बताई गई।


दमोह विधानसभा में 75 सड़कें स्वीकृत


प्रेस वार्ता में दमोह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं से कुल 75 सड़कों के स्वीकृत होने की जानकारी भी दी गई। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 42, मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना की 19, लोक निर्माण विभाग की 5 तथा मुख्यमंत्री अधोसंरचना के चतुर्थ चरण के तहत 9 सड़कें शामिल हैं।


चुनावी मैदान में भाजपा का दावा


विकास कार्यों का ब्यौरा रखने के साथ ही जयंत मलैया ने आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि भाजपा चुनाव लड़कर नगर पालिका में अपनी सरकार बनाएगी।


उनके इस बयान को आगामी नगर पालिका चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब भाजपा के इस दावे के सामने अन्य राजनीतिक दल किस रणनीति के साथ मैदान में उतरते हैं और जनता विकास कार्यों के इस रिपोर्ट कार्ड को किस नजरिए से देखती है, यह चुनाव के दौरान महत्वपूर्ण मुद्दा रहेगा।


विकास के आंकड़े सामने हैं, भाजपा ने चुनावी दम भी भर दिया है—अब अंतिम फैसला जनता के हाथ में होगा।

Post a Comment

أحدث أقدم