*बस स्टैंड क्षेत्र में तीसरी मंजिल पर कोचिंग, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था ढप*
*स्थानीय लोगों ने कलेक्ट्रेट से की कार्रवाई की मांग, बोले- दो गुने छात्र-छात्राओं की लग रही कक्षाएं*
दमोह। बस स्टैंड स्थित गायत्री गेट के भीतर संचालित हो रहे कोचिंग सेंटरों को लेकर स्थानीय रहवासियों ने कलेक्ट्रेट से शिकायत दर्ज कराई है। रहवासियों का कहना है कि इन कोचिंग सेंटरों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंच रहे हैं और वर्तमान में तीसरी मंजिल पर भी कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इससे छात्रों की सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले वर्ष तत्कालीन कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने के कारण इन कोचिंग सेंटरों को बंद कराया गया था। इसके बावजूद अब दोबारा यहां कोचिंग गतिविधियां शुरू हो गई हैं और पहले की तुलना में करीब दो गुने छात्र-छात्राओं को पढ़ाया जा रहा है।
*जाम से परेशान रहवासी*
रहवासियों ने शिकायत में बताया कि कोचिंग सेंटरों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आने-जाने के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र और आसपास की गलियों में वाहनों की भीड़ बढ़ जाती है। इससे आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है और मोहल्ले के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, भवन की क्षमता सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर छात्रों और वार्डवासियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई की जाए।

एक टिप्पणी भेजें