132वाँ मृदंगाचार्य पंडित नानासाहेब पानसे स्मृति गुरु पूर्णिमा संगीत समारोह का शुभारंभ
दमोह : मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी, भोपाल द्वारा जिला प्रशासन दमोह एवं उत्थान साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था, ग्राम बकायन के सहयोग से आयोजित 132वें मृदंगाचार्य पंडित नानासाहेब पानसे स्मृति गुरु पूर्णिमा संगीत समारोह का शुभारंभ 29 जुलाई 2026 को ग्राम बकायन में भव्य रूप से हुआ।
प्रथम दिवस की संध्याकालीन संगीत सभा का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया, उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर, उपनिदेशक शेखर कारकर, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अरुण पंडितकर के निर्देशन में अखाड़े के शिष्यों द्वारा पारंपरिक बंदिशों के गायन से हुई। इसके बाद इंदौर की सुश्री शिल्पा मसूरेकर ने शास्त्रीय गायन की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। नन्हीं कलाकार अन्विता पालिकर ने भरतनाट्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके पश्चात कोलकाता के राय मलिक ने भरतनाट्यम की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी।
संगीत समारोह में मुंबई के पंडित रामदास पांडे एवं गंगाधर देशपांडे ने युगल वादन प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति में सारंगी पर फ़र्रुख लतीफ़ ख़ान, तबले पर आनंद सोलंकी तथा हारमोनियम पर दीपक खसराबाल ने संगत की।
इसके बाद मुंबई की हिंदी प्रभु ने कथक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति देते हुए भावगीत और तीनताल में अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन में विपुल राय ने संतूर पर राग पहाड़ी की मनमोहक प्रस्तुति दी तथा प्रसिद्ध भजन "वैष्णव जन तो तेने कहिए" से सभा का समापन किया।
समारोह का संचालन साक्षी वैशम्पायन एवं अर्जुन पटेल ने किया। आयोजन की सफलता में उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी के अधिकारियों, उत्थान साहित्यिक संस्था के सदस्यों, ग्रामवासियों तथा स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान सभागार में उपस्थित दर्शकों का उत्साह और संगीत प्रेम देखते ही बनता था।

إرسال تعليق