"दमोह में अवैध शराब तस्करी पर बड़ा प्रहार: XUV से 35 पेटी शराब जब्त, 7 लाख की संपत्ति सहित आरोपी गिरफ्तार"
तेजगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 35 पेटी अवैध शराब जब्त, 7 लाख की संपत्ति बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तेजगढ़ थाना क्षेत्र की इमलिया चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एक्सयूवी कार से अवैध शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये की शराब, वाहन, मोबाइल और नकदी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 9 जून 2026 को इमलिया चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्लेटी रंग की कार में अवैध शराब लेकर चौरई की ओर से आ रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी तेजगढ़ उपनिरीक्षक अरविंद सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मछली मार्केट के सामने एवं पानी की टंकी के पीछे स्थित खेल मैदान के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन HR 51 BF 5995 को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम जालम सिंह लोधी (34 वर्ष), निवासी बहेरा, थाना दमोह देहात बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 33 पेटी लाल मसाला मदिरा (1650 पाव) तथा 2 पेटी देशी प्लेन मदिरा बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 315 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, 2 हजार रुपये नकद तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त एक्सयूवी कार भी जब्त कर ली। जब्त सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस अवैध शराब कारोबार से जुड़े दो अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इन अधिकारियों की रही प्रमुख भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तेजगढ़ उपनिरीक्षक अरविंद सिंह ठाकुर, चौकी प्रभारी इमलिया सहायक उपनिरीक्षक रमाशंकर मिश्रा, प्रधान आरक्षक हीरालाल, भगवत प्रसाद पटेल, आरक्षक रोहित परिहार, अजय वर्मा एवं हरिसिंह की सराहनीय भूमिका रही।
"दमोह में अवैध शराब तस्करी पर बड़ा प्रहार: XUV से 35 पेटी शराब जब्त, 7 लाख की संपत्ति सहित आरोपी गिरफ्तार"

एक टिप्पणी भेजें