ओवरब्रिज पर फैले तेल से बड़ा हादसा: सैकड़ों बाइक सवार फिसले

 ओवरब्रिज पर फैले तेल से बड़ा हादसा: सैकड़ों बाइक सवार फिसले, चार पटवारी घायल

एसडीएम को सूचना देने के लिए किए गए कॉल का नहीं मिला जवाब, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दमोह। शहर के बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर रेलवे ओवरब्रिज पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। आरोप है कि एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक द्वारा ओवरब्रिज पर तेल (ऑयल) गिरा दिया गया, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई। इसके कारण बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो गए।

जानकारी के अनुसार, बटियागढ़ से दमोह लौट रहे चार पटवारी भी इस हादसे की चपेट में आ गए। उनकी मोटरसाइकिल फिसलने से वे घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि इसके अलावा लगभग 250 अन्य मोटरसाइकिल सवार भी फिसलकर गिर गए, जिनमें कई लोगों को चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता मोंटी रायकवार, माझी समाज पलंदी चौराहा के अध्यक्ष राजकुमार रायकवार, अरुण रायकवार, साहिल रायकवार और अमर रायकवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित निकालने और यातायात व्यवस्था संभालने का प्रयास किया। बाद में ओवरब्रिज पर मिट्टी डलवाकर फिसलन को कम किया गया, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हो सकी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की जानकारी देने के लिए दमोह एसडीएम को कई बार फोन किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं जैसे ही मामले की सूचना दमोह सीएसपी एच.आर. पांडेय को दी गई, उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली टीआई मनीष कुमार को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा।

घटना के बाद लोगों में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी गई। नागरिकों ने मांग की है कि तेल फैलाने वाले वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

और नया पुराने