*दमोह* । थाना जबेरा क्षेत्र के सिंग्रामपुर जंगल में एक घायल हिरण मिलने की सूचना पर डायल-112 एफआरवी-21 द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए वन विभाग के सहयोग से हिरण का उपचार कराया गया तथा उसे सुरक्षित रूप से वन विभाग के सुपुर्द किया गया।
उक्त सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनांक 02 जून 2026 को रात्रि 23:31 बजे प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही दमोह डायल-112 कंट्रोल रूम में पदस्थ आरक्षक राकेश रैकवार द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना जबेरा में तैनात एफआरवी-21 को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
सूचना पर डायल-112 स्टाफ आरक्षक उवेश खान एवं पायलट विनय नायक तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां एक हिरण घायल अवस्था में पड़ा हुआ मिला। टीम द्वारा संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर घायल हिरण का उपचार कराया गया।
उपचार के उपरांत हिरण को अग्रिम आवश्यक कार्रवाई हेतु सुरक्षित रूप से वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। डायल-112 एवं वन विभाग की त्वरित एवं संयुक्त कार्रवाई से घायल वन्यजीव को समय पर उपचार और संरक्षण उपलब्ध कराया जा सका।

إرسال تعليق